थाना रानियां क्षेत्र के गांव बाहिया में बुधवार शाम कहासुनी को लेकर प्रेम कुमार ने अपनी पत्नी मेवा देवी की गला घोटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार मेवा देवी (30) की शादी करीब 13 साल पहले गांव बाहिया निवासी प्रेम कुमार पुत्र किशनाराम से साथ हुई थी। मेवा देवी के दो बेटे और एक बेटी है। बुधवार को मेवा देवी खेत में नरमा चुनने गई थी। इसी बीच उसका पति प्रेम भी वहां पहुंचा। दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। तैश में आए प्रेम ने मेवा देवी का गला घोट दिया और घर चला गया। वहां से गुजर रहे कुछ किसानों ने मेवा देवी को खेत में पड़े देखा और उसके ससुरालजनों को सूचित किया। मेवा देवी को घर लाया गया। गांव के ही आरएमपी डॉक्टर को दिखाया तो उसने उसे मृत घोषित कर दिया।
मेवा देवी की मौत की जानकारी मिलते ही मृतका का भाई जोगेेंद्र परिजनों सहित बाहिया पहुंचा। जहां पर मेवा देवी की मौत का कारण हृदयघात बताया गया। वीरवार सुबह जब अंतिम संस्कार की तैयारी की गई तो महिलाओं ने मेवा देवी के गले पर निशान देखे। मृतका के परिजनों ने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतका के भाई जोगेंद्र कुमार निवासी ढाबी के बयान पर शिकायत दर्ज की है। थाना प्रभारी रवि खुंडिया का कहना है कि प्रेम कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।