केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्य मंत्री केएच मुनियप्पा ने कहा कि इस वित्त वर्ष में केंद्र सरकार देश भर में 8 लाख लोगों को रोजगार देगी।
हर जिले से करीब 100-100 तकनीकी स्किल्ड छात्रां को चिह्नित किया जाएगा और योग्यता का आकलन करने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा।
मुनीयप्पा ने कहा कि इसके लिए इन युवाओं को बैंकों से सब्सिडी के साथ लोन भी दिलवाया जाएगा। ये टारगेट इसी वित्त वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। केएच मुनियप्पा ने बुधवार को ये जानकारी साहा टेक्नोलॉजी सेंटर के उद्घाटन समारोह के दौरान दी।
मुनियप्पा ने कहा कि इसके लिए जरूरी है छात्रों में तकनीकी ज्ञान का होना। इसलिए इस तरह के एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर युवाओं को बढ़िया ट्रेनिंग देकर उन्हें रोजगार के लिए योग्य बनाने का काम करेंगे।
उनके अनुसार ट्रेनिंग के बाद ही लाभार्थी युवक की योग्यता को देखकर ही बैंक उसे सब्सिडी और बिना गारंटी के रोजगार के लिए लोन उपलब्ध करवाए जाऐंगें।
मुनियप्पा ने कहा कि आज समय की मांग है कि युवा तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर अपना रोजगार खुद सृजित करें। इसके लिए ऐसे टेक्नोलॉजी सेंटर बनाकर सरकार उनका पूरा सहयोग कर रही है।
मुनियप्पा ने कहा कि जब ये टेक्नोलॉजी सेंटर शुरू हो जाएंगे तो यहां तीसरे साल से 10-10 हजार लोग ट्रेनिंग ले पाएंगे।
उन्होंने कहा कि इसका श्रेय राहुल गांधी, सोनिया गांधी और डा. मनमोहन सिंह को जाता है और हरियाणा सरकार इसलिए बधाई की पात्र है कि उन्होंने इस तरह के टेक्नालॉजी सेंटर बनाने के लिए रोहतक में 20 एकड़ और साहा में 10 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई।