महेंद्रगढ़। पिछले कुछ दिनों से लघु सचिवालय में अधिकारी नहीं आने की वजह से लोगों के काम नहीं हो रहे। लोगों को निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है। इससे तहसील तथा एसडीएम कार्यालय संबंधित सभी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा दो दिन से लघु सचिवालय की बिजली भी प्रभावित हो रही है।
एसडीएम दिनेश कुमार सात दिन की ट्रेनिंग पर गए हैं तो तहसीलदार लंबी छुट्टी पर चले गए हैं। इसके अलावा नायब तहसीलदार प्रकाशवीर के सेवानिवृत्त होने के बाद कोई नायब तहसीलदार नहीं आया है। अकाउंट के नायब तहसीलदार नरेश कुमार को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
समाजसेवी रामनिवास पाटौदा ने बताया कि सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को पासिंग व ड्राईविंग लाइसेसों के कार्य होते है।
उन्होंने बताया कि जमीन की रजिस्ट्रियां दस दिन से बहुत कम हुई है। जिससे रजिस्ट्री करवाने और जमीन बेचने वाले लोगों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि तहसीलदार 28 अगस्त तक छुट्टी पर है और 31 अगस्त का सेवानिवृत्त हो जाएंगे। बलदेव, जयनारायण, रामसिंह, जयप्रकाश, पोहप सिंह, प्रवीन, जयकिशन, बाबूलाल, कर्ण सिंह, बंशी सिंह, नाहर सिह, रतिपाल ने बताया कि तहसील कार्यालय में अधिकारी न होने से अपने कार्य के लिए दूर दराज से लोग आते हैं। मौके पर अधिकारी नहीं मिलने के कारण मायूस होकर लौटना पड़ता है। अधिकारी नहीं होने के कारण तहसील व एसडीएम कार्यालय में कार्यरत्त लिपिक भी मौज मस्ती लेते रहते है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कोई भी अधिकारी यदि छुट्टी चला जाता है तो उसके लिए दूसरे अधिकारी की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि लोगों समय और धन बर्बादी न हो। पाटौदा ने बताया कि हरियाणा रोडवेज में चालक प्रशिक्षण ट्रेनिंग के लिए 12 अगस्त से नया बैच शुरू होगा। एसडीएम कार्यालय से एनओसी लेनी पड़ती है। अगर उनको जल्दी एनओसी नहीं मिली तो 12 अगस्त से शुरू होने वाले बैच से वंचित रह सकते है। दो वर्ष पहले ट्रेनिंग के लिए फाइल जमा करवाई थी। कोरोना के कारण उनका अब नंबर आया है। ऐसे में एनओसी नहीं मिली तो चालक प्शशिक्षण करने वाले बच्चों को बहुत भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वर्जन
एसडीएम साहब ट्रेनिंग पर गए हैं और तहसीलदार छुट्टी पर चल रहे हैं। जो जरूरी काम हैं वो किए जा रहे हैं। -नरेश कुमार, नायब तहसीलदार, (अकाउंट )