नारनौल। राजकीय महिला महाविद्यालय की कव्वाली टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया है। टीम ने एआईयू की राष्ट्रीय अंतर-विश्वविद्यालय कव्वाली प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल कर महाविद्यालय और इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर का नाम रोशन किया।
इस सफलता पर विश्वविद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने विजेता छात्राओं काजल वर्मा, सिमरन सैनी, पूनम, खुशी और नेहा को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। टीम के मार्गदर्शक डॉ. आरपी सिंह, डॉ. अजय थाकन, डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. मनीषा सैनी और बलवान सैनी को भी सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने बुधवार को कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
टीम ने इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए 1 और 2 अप्रैल को हैदराबाद में आयोजित 8वीं ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी इंटर-यूनिवर्सिटी नेशनल कव्वाली में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इससे पहले टीम ने विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वाधिक अंक हासिल किया था। संवाद