नारनौल के पाचनौता स्टैंड पर बाइक से उतरकर खरीदारी करने जा रही महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
संजय कुमार निवासी गांव स्यालोदडा तहसील पाटन जिला सीकर (राजस्थान) ने पुलिस में शिकायत दी कि उसका भतीजा सन्दीप निवासी स्यालोदडा रविवार शाम को उसकी पत्नी ममता को लेकर मोटरसाइकिल से नयागांव से स्यालोदडा आ रहा था। रास्ते में पाचनौता स्टैंड पर प्रार्थी की पत्नी को कुछ सामान लेना था, इसलिए मोटरसाइकिल से उतरकर वह सामान खरीदने जा रही थी। तभी एक ट्रक (आरजे 14 जीके 1020) के चालक ने तेजी से आते हुए उसकी पैदल चलती पत्नी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नारनौल के सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।