दौंगड़ा जाट में गेहूं की फसल को लगी आग के बारे में जानकारी देते किसान। संवाद
- फोटो : Narnol
गांव दौंगड़ा जाट में मंगलवार दोपहर ढाई बजे तारों में हुई स्पार्किंग से लगी आग में तीन एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। गेहूं की कटाई में जुटे किसानों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया।
किसान चौधरी मुकेश, हरीश, खजान सिंह ने बताया कि उन्होंने तीन एकड़ में गेहूं की फसल तैयार की थी, जिसकी कटाई चल रही थी। मंगलवार दोपहर में खेत के ऊपर से गुजर रहे तारों में स्पार्किंग होने से गेहूं की फसल में आग लग गई। आसपास के खेतों में कटाई कर रहे किसानों ने ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई काटनी चाही, मगर उसमें लाइन स्विच कट नहीं होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिसे किसान मनफूल, सोहन, बलवान, हरीश, अनीश, सज्जन, कालू, सावंत्री, कैला देवी, मायावती, फूलवती, महावीर सिंह ने रेत व पानी डालकर बुझाया। किसानों ने बताया कि फसल के ऊपर से गुजर रहे तारों को ऊपर उठाने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन हर बार बिजली निगम के कर्मचारी व अधिकारी अनसुना कर देते हैं। किसानों ने बताया कि लटकते तारों की वजह से हर साल उनकी फसल में आग लग जाती है। फसल की बुवाई व सिंचाई में परेशानी होती है। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से तारों को ऊपर करने, ट्रांसफार्मर पर लाइन कट लगवाने तथा जली फसल का मुआवजा देने की मांग की है।