अधिकारियों की बैठक लेते सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह। संवाद
- फोटो : Narnol
जिला में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल देने के कार्यक्रम में अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिन गांवों में पहले से पाइप लाइन बिछी हुई है वे लीकेज ना हो। इस संबंध में ग्राम सभा की डिमांड के अनुसार रिपोर्ट भेजें ताकि सही स्थिति का पता चल सके। जहां अधिक पुरानी पाइप लाइने हैं उन्हें बदलने के बाद ही कनेक्शन जोड़े जाएं। प्रधानमंत्री के सपने के अनुसार हरियाणा ने समय से पहले यह कार्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यह बात भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने वीरवार को पंचायत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में कही।
केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर में शुद्ध पानी पहुंचाने का बड़ा कार्यक्रम चल रहा है। इस कार्यक्रम के तहत कम से कम 20 घर की ढाणी में भी नल से जल पहुंचाया जाएगा। इस योजना में ग्राम सभा की मांग के अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा के खेतों को सिंचित करने के लिए खेत जल घर योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत 25 से लेकर एक हजार एकड़ तक के एरिया को सिंचित करने के लिए बड़ा तालाब बनाया जाता है। इसके बाद टपका सिंचाई विधि से खेतों को सिंचित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो लोग सामूहिक या व्यक्तिगत रूप से पहले जमीन देंगे उन्हें पहले फेज में शामिल किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि 6 करम से ऊपर के कच्चे रास्तों का केस बनवा कर भेजा जाए। इसके अलावा उन्होंने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी खेतों में सिंचाई के दौरान फव्वारा से सड़कों का नुकसान होता है वहां पर इंटरलॉकिंग टाइलों के जरिये रास्ते को बनाया जाए, ताकि पानी से नुकसान न हो। स्वच्छ भारत मिशन के तहत उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में रसोई के कचरे तथा गोबर से बायोगैस बनाने की संभावना तलाशी जाए। इसके लिए तकनीकी शैक्षणिक संस्थाओं से तकनीकी रिपोर्ट बनवाई जा सकती है।
इस मौके पर सांसद ने मनरेगा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समग्र शिक्षा, नेशनल हेल्थ मिशन, नेशनल फूड सिक्योरिटी, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मिड-डे मील योजना सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर अटेली के विधायक सीताराम यादव, उपायुक्त अजय कुमार, भाजपा के पूर्व जिला प्रधान कंवर सिंह यादव, सदस्य सुमन यादव व रमेश तंवर आदि मौजूद रहे।