राजकीय उच्च विद्यालय भड़फ के गेट के ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन करते विद्यार्थी व ग्रामीण---संवाद
- फोटो : Narnol
कनीना। उपमंडल के गांव भड़फ स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। तालाबंदी की सूचना पाकर खंड शिक्षा अधिकारी राज सिंह मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने ग्रामीणों को जल्द ही रिक्त पदों पर अध्यापकों की नियुक्ति का आश्वासन देकर ताला खुलवाया। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
छात्रों ने कहा कि उनके विद्यालय में मुख्य अध्यापक, विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, पीटीआई आदि के पद रिक्त हो गए हैं जिसके कारण पढ़ाई बाधित हो रही है। विद्यार्थियों का कहना है कि वे अपना पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सरकार व प्रशासन से शिक्षकों की नियुक्ति की गुहार लगाई है। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि काफी समय स्कूल में शिक्षकों के अनेक पद रिक्त पड़े हैं। इस बारे में संबंधित अधिकारियों व हलका विधायक सीताराम, शिक्षा मंत्री से भी बार-बार मांग कर चुके हैं। लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया की जल्द से जल्द स्कूल में रिक्त पद भरे जाएंगे। इस दौरान निर्मला, सुनीता, रामकुमार, प्रताप, सुभे सिंह, प्रदीप, कविता, पिंकी, अनीता, केला, रमेश, पवन, बिजेंदर, मनोज, नरेंद्र, धरमवीर मौजूद रहे।