नारनौल। जान से मारने की नीयत से गाड़ी से टक्कर मारने और रॉड-डंडों से मारपीट करने के मामले में फैजाबाद चौकी पुलिस टीम ने दो ओर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहित निवासी नीरपुर और प्रदीप निवासी नांगतिहाडी के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नसीबपुर नारनौल निवासी अन्नू ने थाना सदर नारनौल में शिकायत देते हुए बताया कि वह हुडिना गांव में क्रिकेट खेल कर अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। तभी पीछे से बोलैरो कैंपर गाड़ी ने जान से मारने की नीयत से जानबूझकर मोटरसाइकिल में टक्कर मारी, जिससे मोटरसाइकिल गिर गई। कैंपर गाड़ी से कुछ लड़के रॉड-डंडों सहित उतरकर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। पीड़ित ने 2 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा चार आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया गया था। जिनसे पूछताछ में पुलिस ने गाड़ी, मोटरसाइकिल और 3 डंडे बरामद किए थे।