पुलिस द्वारा बरामद की गई नंबर प्लेट। संवाद
- फोटो : Narnol
दुकानदार की सतर्कता के चलते पुलिस ने नंबर प्लेट ढंककर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वीरवार शाम को शहर के माजरा चुंगी स्थित एक बाइक डेकोरेशन की दुकान से गाड़ी सवारों ने नंबर प्लेट बदलने की बात कही। दुकानदार ने इसका कारण पूछा और नंबर प्लेट ढंकने व बदलने से मना कर दिया। इतना ही नहीं उसने इसकी सूचना पुलिस की डायल 112 पर दे दी। दुकानदार ने बताया कि बदमाश दुकान से सात-आठ नंबर प्लेट चोरी कर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों को कनीना क्षेत्र के गांव पड़तल से गिरफ्तार कर लिया।
दुकानदार संदीप कुमार निवासी मोहल्ला ढाणी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार दोपहर बाद तीन बजे वह अपनी दुकान पर था। एक गाड़ी में सवार होकर आए तीन लोगों ने नंबर प्लेट को टेप लगाकर ढकने की बात कही। इसके बाद मौके पर डेमो के लिए बनाई गई सात-आठ नंबर प्लेटों को चोरी कर लिया और फरार हो गए। आरोपियों की पहचान राजस्थान प्रदेश की तहसील बुहान के गांव खांदवा निवासी शिवकुमार व सुनील कुमार के रूप में हुई है।
सूचना के बाद वीटी कर पुलिस की टीमों ने दो आरोपियों को गांव पड़तल से गाड़ी सहित काबू कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान नंबर प्लेट ढकने के पीछे क्या मंशा थी, इसके बारे में पूछताछ की जाएगी। अश्वनी कुमार, शहर थाना प्रभारी।
खेत में उतरी नकली नंबर लगाने वाली गाड़ी। संवाद- फोटो : Narnol