नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में आरोपियों का मेडिकल करवाकर न्यायालय में पेश करने लेकर जाती पुलिस
- फोटो : Narnol
सतनाली मंडी। सतनाली स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर हथियारों के बल पर लूट की कोशिश करने के दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को न्यायालय में पेश किया है। इसके बाद इन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एक आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है। लूट की कोशिश में प्रयोग किए एक देसी कट्टा, एक पिस्टल व चार कारतूस बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा आरोपियों द्वारा लूट के प्रयास में प्रयोग की गई बाइक भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत के गांव सिंधावली अहीर निवासी अन्नस व राजस्थान प्रदेश के जिला झुंझुनू के गुढ़ा गौड़जी के गांव टोडी निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। सतनाली निवासी ज्वेलर्स मोहनलाल की दुकान पर आरोपियों द्वारा हथियारों के बल पर लूट की कोशिश की गई थी। दुकानदार एवं उसके सहयोगियों की सतर्कता के चलते आरोपी लूट की घटना को अंजाम नहीं दे पाए थे। दुकानदार के प्रयास के बाद लोगों एवं पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपियों को पकड़ लिया था। एक आरोपी दौड़कर पास के खेतों में छिप गया था इसके बाद पुलिस टीम एवं लोगों द्वारा मौके पर ही धर दबोचा था। पुलिस तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।