नारनौल। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को निजामपुर के गांव बायल में छापा मारा। यहां अवैध रूप से जेसीबी से पत्थरों का भंडारण किया जा रहा था। टीम को देखते ही जेसीबी मशीन का चालक भाग गया। टीम ने मौके से अवैध पत्थर से भरा हुआ ट्रक और जेसीबी मशीन को कब्जे में लिया। जेसीबी और ट्रक को माइनिंग निरीक्षक ने सीजकर नांगल चौधरी बाड़ा में खड़ा करा दिया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को निजामपुर के गांव बायल में अवैध रूप से पत्थरों का भंडारण किए जाने की सूचना मिल रही थी। इस सूचना पर सोमवार को उड़नदस्ता की टीम उप निरीक्षक सत्येंद्र, एसआई कर्मपाल, सचिन व प्रदूषण विभाग से एसडीओ अनुज तथा जिला खनन विभाग से खनन निरीक्षक दीपक ने संयुक्त रूप से गांव बायल में छापा मारा। यहां टीम को एक जेसीबी मशीन पत्थरों का अवैध स्टॉक करते हुए मिली। वहीं एक ट्रक भी पत्थरों से भरा हुआ मिला। माइनिंग विभाग के अनुसार 250 टन अवैध पत्थर मिला। वहीं ट्रक में 41.450 टन अवैध पत्थर भरा हुआ पाया गया। जिस जगह पर अवैध पत्थर का स्टॉक किया गया था वह जमीन तथा अवैध पत्थर स्टॉक सुभाष गुर्जर निवासी ढाणी डोयाला बायल थाना निजामपुर का पाया गया। इस पर माइनिंग विभाग ने इसकी शिकायत निजामपुर थाने में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।