स्पेशल स्टाफ महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने दो इनामी भगोड़े अपराधियों को काबू किया है। अपराधियों पर पुलिस द्वारा पांच-पांच हजार रुपये का ईनाम रखा गया था तथा इनके खिलाफ छीना झपटी, चोरी के विभिन्न मामले दर्ज हैं। न्यायालय द्वारा भगोड़े अपराधी घोषित किया हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणदीप निवासी गढ़ी व नवीन उर्फ सोनू निवासी गोरीपुर भिवानी के रूप में हुई है। वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि आरोपी रणदीप के खिलाफ थाना शहर महेंद्रगढ़ में छीना झपटी, धोखाधड़ी से एटीएम बदलने और एटीएम छीन कर भागने के मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी नवीन उर्फ सोनू के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज है। आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेशियों से नदारद चल रहे थे, जिसके कारण न्यायालय ने उन्हें भगोड़ा घोषित किया था। वहीं कनीना थाना की पुलिस टीम ने दुर्घटना के मामले में एक भगोड़े शिव कुमार, निवासी खोरड़ा झज्जर को गिरफ्तार किया है। शिव कुमार दर्ज मामले में अदालत की पेशियों से नदारद चल रहा था। कनीना थाना पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया है।