सीसीटीवी कैमरे में कैद चोर गिरोह के सदस्य।
- फोटो : Narnol
शहर के रेवाड़ी रोड स्थित कैलाश नगर में चोर एक मकान में घुसकर सामान, नकदी व आभूषण चुरा ले गए। जबकि तिजोरी वजन में भारी होने के कारण वे उसे मकान से निकालकर बाहर गिरा गए। चोरों ने पास में खड़ी मोटरसाइकिल को भी ले जाने का प्रयास किया लेकिन लॉक होने के कारण वे उसे नहीं ले पाए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में 5-7 चोर दिखाई दे रहे है। जिन्होंने अपने मुंह को कपड़े से ढका हुआ है और कच्छा व बनियान पहनी हुई है। देखने में यह कच्छाधारी चोर गिरोह लग रहा है। डीएसपी वीरेंद्र सांगवान ने भी मौका मुआयना किया। उन्होंने जल्द से जल्द चोर गिरोह का सुराग लगाकर गिरफ्तार करने की बात कही। पुलिस को शिकायत में कैलाश नगर निवासी भवेश कुमार मित्तल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के हिसाब से सवा एक बजे चोर घर के पास पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बाहर के जंगले की ग्रिल तोड़ी और घर में घुसे। घर में घुसकर उन्होंने अलमारी, संदूक आदि को खोलकर सारा सामान अस्त व्यस्त कर दिया तथा कुछ कीमती सामान, आभूषण व नकदी ले गए। चोरों ने उसकी तिजोरी को भी ले जाने का प्रयास किया लेकिन भारी होने के कारण वे उसे घर के बाहर खाली मैदान में ले आए। यहां उन्होंने तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया। मगर शोर होने के कारण करीब 3 बजकर 30 मिनट पर उसकी माता की जाग हो गई और उन्होंने हमें जगा दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य बाहर आए और उन्होंने चोरों को देखकर शोर मचाया। पुलिस को भी सूचना दी लेकिन जब तक चोर वहां से भाग चुके थे। डीएसपी वीरेंद्र सांगवान ने पीड़ित को जल्द से जल्द चोरों का सुराग लगाकर गिरफ्तार करने की बात कही।