चोरी की बाइक खरीदकर नंबर प्लेट बदलकर चला रहा युवक ढाणी बाठोठा के पास पुलिस वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। युवक ने पांच हजार रुपये में चोरी की बाइक खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ थाना सदर नारनौल में प्राथमिकी दर्ज की गई है और चोरी की बाइक को जब्त कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सदर थाना पुलिस गांव खानपुर के पास ढाणी बाठोठा रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा। जिस पर पुलिस की टीम को शक हुआ और चालक का पीछा कर काबू कर लिया। पूछताछ में पकड़ा गए युवक ने अपना नाम धर्मेंद्र वासी ढाणी बाठोठा बताया। पुलिस टीम ने बाइक के कागजात दिखाने को कहा तो युवक आनाकानी करने लगा। पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से चेचिस नंबर व इंजन नंबर चेक किए तो बाइक पर अंकित चेचिस नंबर व इंजन नंबर मैच नहीं हुए। इस पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि यह बाइक वह 5 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। खरीदने के बाद आरोपी चोरी की बाइक पर अलग नंबर प्लेट लगाकर प्रयोग कर रहा था। पुलिस ने युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में पुलिस द्वारा चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ थाना सदर नारनौल में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी से बरामद चोरी की बाइक को जब्त कर लिया गया है।