नारनौल। कभी सुना है कि कोई कर्मचारी सेवानिवृत हो चुका है और विभाग उसका अभी भी तबादला कर रहा है। ऐसा इन दिनों नारनौल के रोडवेज डिपो में हो रहा है। हाल ही में 9 नवंबर को 15 परिचालकों का तबादला किया गया था। इनमें एक कर्मचारी ऐसा है जो बीते फरवरी माह में सेवानिवृत हो चुका है। वहीं इनमें से एक कर्मचारी का सिरसा तबादला मई माह में ही हो गया था, लेकिन 9 नवंबर की लिस्ट में उसका तबादला यमुनानगर में कर दिया है। ऐसे में बिना जांच किए ही परिचालकों की तबादला सूची जारी कर दिया गया।
प्रदेश में 19 मई 2023 को ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के तहत 828 परिचालक तथा 883 चालकों का तबादला किया गया था। इन आदेशों में यह भी लिखा गया था कि जिन चालक, परिचालकों के तबादले हुए हैं, उनमें से किसी भी चालक व परिचालक को कोई आपत्ति है तो वह मुख्यालय चंडीगढ़ में आपत्ति दर्ज करवा सकता है। इस पर काफी चालक परिचालकों ने आपत्ति दर्ज करवाई थी। आपत्तियों पर संज्ञान लेते हुए मुख्यालय चंडीगढ़ में चालक-परिचालकों को म्युचुअल करवाने तथा 10 नजदीकी डिपो में जाने का मौका भी दिया गया। जिस पर हाल ही में मुख्यालय ने चालक परिचालक को दिवाली का तोहफा देते हुए 95 परिचालक व 76 चालकों को म्युचुअल करवाने व 232 परिचालक व 242 चालकों के तबादला भी कर दिए, लेकिन इसके अलावा लॉन्ग स्टे के आधार पर नारनौल डिपो के 15 परिचालकों के तबादला नारनौल से यमुनानगर डिपो में कर दिए हैं, जबकि अन्य किसी भी डिपो से ऐसे स्पेशल तबादले नही किए गए है। एक तरफ ग्रीवेंस कमेटी ने चालक व परिचालकों को वापस उन्हीं डिपो में या उनके नजदीक के डिपो में चालक-परिचालकों को भेजा है। वहीं दूसरी नारनौल डिपो के 15 परिचालकों को उठाकर यमुनानगर डिपो में भेज दिया गया है। इन 15 में से एक परिचालक कि तो फरवरी महीने में सेवानिवृत भी हो चुकी है और एक परिचालक कि मई महीने में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी तहत सिरसा डिपो में तबादला हो चुका है लेकिन मुख्यालय ने फिर भी इन दोनों परिचालकों का बिना रिकॉर्ड की जांच करे ही ट्रांसफर कर दिया गया है जो कि गलत है। अधिकारियों को रिकॉर्ड की जांच करने के बाद ही तबादला आदेशों पर साइन करने चाहिए थे।
9 नवंबर को जारी तबादला सूची में 15 परिचालकों का यमुनानगर में तबादला कर दिया है। उन्हें नजदीक के डिपो में न भेजकर यमुनानगर डिपो भेज दिया गया है, जो गलत है।
-अनिल भीलवाड़ा, डिपो प्रधान, नारनौल।
9 नवंबर को जारी तबादला सूची में एक सेवानिवृत व पहले ही एक कर्मचारी का सिरसा तबादला हो चुका है, जिसके बारे में मुख्यालय को अवगत करवा दिया गया है।
-नवीन भारद्वाज, रोडवेज महाप्रबंधक, नारनौल।