महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ और सतनाली क्षेत्र में पांच करम के 34 कच्चे रास्तों को पक्का करने के लिए मार्केटिंग बोर्ड की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 14 रास्ताें को पक्का करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 16.09 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। वहीं, 20 कच्चे रास्तों को पक्का करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जो आगामी दो माह के समय में पूरी कर ली जाएगी। विभाग के जिम्मेदारों की मानें तो स्वीकृत हुए 14 रास्तों पर आगामी दो माह के दौरान सभी प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कर दिया जाएगा।
30 से अधिक गांवों की एक लाख से अधिक आबादी को होगा फायदा
इन 34 कच्चे रास्तों को पक्का करने के बाद महेंद्रगढ़ व सतनाली के करीब 30 गांवों की एक लाख की आबादी को आवागमन के लिए सुगम राहें मिलेंगी। साथ ही शहर से जुड़ाव होने के कारण किसानों को मंडी एवं शहर तक पहुंचने में कच्चे रास्तों से परेशानी नहीं होगी। प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में भी शहरों की तर्ज पर विकास एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए सभी पांच करम के कच्चे रास्तों को पक्का करने के लिए गत वर्ष ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मांगे गए थे। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोक सभा विकास एवं निगरानी समिति सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि महेंद्रगढ़ व सतनाली क्षेत्र की अनेक ग्राम पंचायतों की ओर से सांसद धर्मबीर सिंह से मांग करते हुए प्रस्ताव पास कर मार्केटिंग बोर्ड को भेजे गए थे। सांसद की ओर से मुख्यमंत्री को इस मांग से अवगत कराया गया था इसके बाद 14 रास्तों को पक्का करने के लिए स्वीकृति मिली। वहीं 20 रास्तों को पक्का करने के लिए विभाग की ओर से प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इनकी रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश सरकार को भेजी जा चुकी है।
इन रास्तों को पक्का करने के लिए मिल चुकी है स्वीकृति
मार्ग दूरी (किलोमीटर में) निमार्ण राशि
भालखी से देवास 1.3 1.05 करोड़
लावन से भगड़ाना 03 1.5 करोड़
खातोद से जांजडियावास 2.25 1.42 करोड़
भुरजट से बवाना 2.8 1.4 करोड़
जाटवास से दुलोठ अहीर बलदेव की ढाणी 1.3 65 लाख
निंबी से जोनावास 2.5 1.55 करोड़
सुरहेती से नूहनिया राजस्थान बाॅर्डर 1.8 90 लाख
सुरेहती पिलानिया से बारड़ा 4 2 करोड़
डेरोली जाट से कौथल कलां 1.53 61.2 लाख
डेरौली जाट से सीहमा 2.33 93.2 लाख
डुलाना से हरि सिंह की ढाणी 1.3 44.21 लाख
बास खुड़ाना से पीडब्लूडी रोड खुडाना 2.25 95.41 लाख
पीडब्लूडी रोड ढाढोत से पूर्व सरपंच सुल्तान सिंह की 2.6 किलोमीटर 99.44 लाख
पीडब्लूडी रोड सोहड़ी से नांवां 03 1.73 करोड़
मार्केटिंग बोर्ड की ओर से पांच करम के कच्चे रास्तों को पक्का करने के लिए एस्टीमेट भेजे गए थे। प्रदेश सरकार की ओर से 14 को स्वीकृति मिल चुकी है जबकि 20 की स्वीकृति के लिए सभी प्रकार की प्रक्रिया पूरी कर फाइल तैयार करके भेजी जा चुकी है। आगामी दो माह के समय में स्वीकृत रास्तों पर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
आशुतोष, कनिष्ठ अभियंता, मार्केटिंग बोर्ड