महेंद्रगढ़। शहर में दीपावली के दूसरे दिन सफाई नहीं होने से चौक-चौराहों पर गंदगी के ढेर लग गए। दीपावली के अवसर पर सफाई कर्मचारियों की छुट्टी होने के कारण दूसरे दिन शहर में चौक-चौराहों पर गंदगी के ढेरों ने लोगों की परेशानियां बढ़ाई। शनिवार व रविवार को शहर में सफाई नहीं हुई तथा सोमवार को जिम्मेदार पूरे शहर के कचरे को समेट नहीं पाए। दिवाली पर्व के बाद शहर में जब सफाई की सबसे अधिक आवश्यकता थी तब सफाई कर्मचारियों की ओर से सफाई तक नहीं की गई।
सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को कुछ ही हिस्सों में सफाई की थी लेकिन कुछ ही हिस्सा में गंदगी के ढेर लगे रहे। शहर में रात को हुई आतिशबाजी व पटाखों का कचरा भी सड़कों पर पड़ा रहा। शहर के विश्वकर्मा चौक, बस स्टैंड के पास, श्रीरामलीला परिषद के नजदीक सहित अनेक स्थानों पर गंदगी के ढेर नजर आए।
इसके अलावा शहर के विभिन्न मोहल्लों व कॉलोनियों में सफाई न होने से गंदगी के ढेर लगे रहे। शहर में प्रतिदिन औसतन 80 टन कूड़ा निकलता है। शनिवार व रविवार को पर्व के चलते शहर में सफाई नहीं की गई, लेकिन सोमवार को महज आधे शहर को ही साफ किया गया। शहर के मुख्य बाजारों में करीब 150 टन कचरा बिखरा पड़ा रहा। वहीं दिनभर बेसहारा पशुओं के मुंह मारने से कचरा सड़कों पर बिखरा रहा। शहर में कचरा डंपिंग प्वाइंटों व सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लगे रहे।