अटेली थाना की पुलिस टीम ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो चोरों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया। जिन्हें न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई। जिसमें उन्होंने अटेली क्षेत्र में करीब 10 चोरी की वारदात को अंजाम देना कुबूल किया है। जिनमें बाइक, गैस सिलिंडर सहित अन्य चोरी की वारदात शामिल हैं। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि अटेली थाना की पुलिस टीम ने बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया था। जिन्हें दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। जिसमें पता लगाया कि आरोपियों ने जिले में मोटरसाइकिल चोरी, इंवर्टर बैटरी चोरी, मोटर चोरी, परचून की दुकान से सामान चोरी, गैस सिलेंडर चोरी, स्पेयर पार्ट्स की चोरी और मोबाइल चोरी और अन्य प्रकार की चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों से 4 बाइक, 2 इंवर्टर बैटरी, 4 सोलर प्लेट, विंडो एसी, 2 लैपटॉप, 1 एलईडी, 1 प्रिंटर, 1 गैस चूल्हा और हार्डवेयर का सामान बरामद किया है।