नारनौल। गांव निजामपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अपनी खूबियों के लिए जिलेभर में विशेष पहचान रखता है। विद्यालय ने मुख्यमंत्री स्कूल सुंदरीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्तर पर नारनौल खंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
विद्यालय में उपलब्ध 25 कमरों में छठवीं से बारहवीं कक्षा तक छह कक्षाओं का संचालन किया जाता है। विद्यालय में छह कक्षाओं के कुल 268 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और 23 शिक्षक नियुक्त हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण देने के लिए विद्यालय की सभी कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित विज्ञान लैब उपलब्ध है। विद्यालय ने गत वर्ष दसवीं व बारहवीं के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वहीं, एनएसएस व एनसीसी सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए भी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। इन सभी विशेषताओं के साथ विद्यालय ने खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है और जिला स्तर के लिए भी मजबूत दावेदारी पेश की है।
-
किचन गार्डन में उगाई जाती है हरी सब्जियां :
विद्यालय में किचन गार्डन बनाया गया है। किचन गार्डन में हरी सब्जियां उगाई जाती हैं। कीटनाशक का छिड़काव नहीं किया जाता केवल जैविक खाद का प्रयोग किया जाता है। किचन गार्डन में उगाई गई सब्जियों का इस्तेमाल मिड-डे-मील में किया जाता है। किचन गार्डन में बैंगन, टमाटर, गोभी और घीया जैसी मौसमी सब्जियां उगाई जाती हैं। इस वर्ष किचन गार्डन में हल्दी भी उगाई गई थी, जिसे सुखाकर बच्चों के लिए बनाए जाने वाले खाने में प्रयोग किया जाएगा।
-
फलदार, फूलदार, छायादार और औषधीय पेड़ लगाकर बनाया बगीचा
विद्यालय में बनाए गए बगीचे में 15 तरह के गुलाब के पौधे लगाए गए हैं जो विद्यालय के सौंदर्य को बढ़ाने का कार्य कर रहें हैं। बगीचे में 25 पेड़ अमरूद के, 20 पेड़ आम के, 20 पेड़ जामून, 11 पेड़ पपीता और 11 पेड़ केले के लगाए गए हैं। वहीं, बगीचे में औषधीय और छायादार पौधे भी लगाए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छी सेहत व शुद्ध वातावरण मिल सकें।
वर्जन :
हमार प्रयास है कि विद्यार्थियों का बेहतर शारीरिक व मानसिक विकास किया जा सकें। खंडस्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार स्वरूप मिली 50 हजार रुपये से शौचालय की दीवारों पर प्लास्टर और टाइल लगाने का कार्य किया जाएगा। उम्मीद है कि जिलास्तर पर भी विद्यालय प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।
-बिंदु यादव, प्राचार्या, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, निजामपुर।