नारनौल। अपराध के कुछ मामलों में केस मजबूत न होने के कारण अपराधी बच जाते हैं। साक्ष्यों के अभाव और कमजोर पैरवी के कारण ऐसे केस अदालत में टिक नहीं पाते। इसलिए कानूनी तकनीकी और विभिन्न प्रकार के केसों में साक्ष्यों के साथ मजबूत पैरवी की जाए ताकि कोई अपराधी बचने न पाए। ये निर्देश उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने गत दिवस चिह्नित अपराधों के संबंध में बुलाई गई बैठक में अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि चिह्नित अपराध के प्रत्येक मामले की पुलिस विभाग पूरी गहनता से जांच कर रिपोर्ट तैयार करे। जांच के दौरान हर कानूनी पहलू को बारीकी से देखा जाए। उपायुक्त ने कहा कि सूचना एवं तकनीक के इस दौर में हर आदमी के पास सभी प्रकार के संसाधन मौजूद हैं। आधुनिक युग में चुनौतीपूर्ण माहौल में पुलिस विभाग का कार्य भी उतना ही मुश्किल हो जाता है। ऐसे में हम सभी को पूरी तरह से अपडेट रहना चाहिए।