महेंद्रगढ़। दो वर्ष पूर्व करीब 6.70 करोड़ की लागत से बने राज्य परिवहन के वर्कशॉप का निरीक्षण करने के लिए दो वर्ष में चंडीगढ़ से टीम दूसरी बार पहुंची। इस दौरान टीम ने वर्कशॉप के भवन व परिसर में सुविधाओं का जायजा लिया।
बता दें कि 10 फरवरी 2021 को इस भवन व वर्कशाप का निरीक्षण किया गया था। तब इसमें 42 बिंदुओं पर कमियां दर्शाकर इन्हें ठीक कराने के लिए फाइल तैयार कर लोक निर्माण विभाग को भेजी थी। इसके बाद अधिकांश खामियों को दूर करा दिया गया था। मार्च 2022 तक 19 बिंदुओं पर कमियां रह गई थीं। लेकिन अब देखना होगा टीम वर्कशॉप के भवन में कितनी कमियां निकालेगी। निरीक्षण के दौरान शौचालय से लेकर, दरवाजे, बिजली फिटिंग, खिड़कियां, फर्श सहित अन्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग को भेजेगी। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग से एसडीओ कृष्ण कुमार यादव, वर्कशॉप प्रबंधक अनित यादव, जीएम नवीन शर्मा, अड्डा इंचार्ज वेदप्रकाश, डीआई ओमप्रकाश यादव, निरीक्षक विक्रम सहित सामाजिक कार्यकर्ता रामनिवास पाटोदा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं लोगों का कहना है कि दो बार चंडीगढ़ से पहुंची टीम द्वारा हर बार वर्कशॉप में कमियां दर्शाई गई हैं। जो भवन पिछले दो सालों से बंद है उसमें नियमित रूप से देखरेख के अभाव में कुछ कमियां होना स्वाभाविक है। वहीं राज्य परिवहन व लोक निर्माण विभाग के बीच लगाता है इस बार भी पेंच फंसेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को वर्कशॉप शुरू होने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
इंसेट
अब लोक निर्माण विभाग को दी जाएगी रिपोर्ट
टीम द्वारा किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर अब लोक निर्माण विभाग को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट में निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली खामियों को दूर करने के लिए किन-किन बिंदुओं पर काम करना शेष है यह भी बताया जाएगा।
----