खेलो इंडिया की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित आरपीएस स्कूल के खिलाड़ी स्टाफ के साथ ।
- फोटो : Narnol
महेंद्रगढ़। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा खेलो इंडिया की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को बुधवार को आरपीएस स्कूल में सम्मानित किया गया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीत की शुभकामनाएं दी।
चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित आरपीएस ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव ने कहा कि खिलाड़ियों के उत्साह को देखकर लग रहा है कि निश्चित रूप से खेलों में क्षेत्र के खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल है। खेल केवल एक मनोरंजन का साधन ही नहीं अपितु मानव को शारीरिक और मानसिक रूप से भी स्वस्थ बनाते हैं। युवा खेलों में अपना भविष्य बना सकते हैं।
खेल प्रशिक्षक राजकुमार यादव ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता 16 से 18 अगस्त तक हुई। इसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, खो-खो, वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती, टेबल टेनिस, जूडो, साइकिलिंग आदि खेलों का आयोजन हुआ। चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 27 से 29 तक विभिन्न जिलों में आयोजित होंगी। इस प्रतियोगिता में 85 खिलाड़ियों का चयन हुआ है जो जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर स्कूल प्राचार्य सुभाष यादव, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. धर्मेश कौशिक, उप प्राचार्य रविंद्र सिंह तंवर, जिले सिंह सहित खेल प्रशिक्षकों ने भी सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी।