एसपी चंद्रमोहन का तबादला हो गया है। अब उनके स्थान पर विक्रांत भूषण नए एसपी होंगे। इसके अलावा सहायक पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़ सिद्धांत जैन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बना दिया है। वो महेंद्रगढ़ के ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक होंगे। सरकार की ओर से तबादला की सूची जारी कर दी गई है।
बता दें कि एसपी चंद्र मोहन एक वर्ष से अधिक समय से महेंद्रगढ़ में तैनात रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में वो अधिवक्ताओं के मामले में तथा राजनीति रूप से भी चर्चा में रहे हैं। पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा और उनके बीच भी छत्तीस का आंकड़ा चल रहा था। महेंद्रगढ़ खोखा प्रकरण में उनका भी नाम मंत्री ओर से सामने आ रहा था। इसके बाद एक अधिवक्ता के खिलाफ मामला दर्ज हो गया था। अधिवक्ताओं ने उनके तबादले के लिए कृषि मंत्री जेपी दलाल के समक्ष गुहार लगाई थी।
बार एसोसिएशन का संघर्ष लाया रंग
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत यादव ने कहा कि जिला बार एसोसिएशन के सदस्य रणधावा सिंह के विरुद्ध झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया था। जिला बार एसोसिएशन ने गत एक अप्रैल से पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के विरुद्ध मोर्चा खोला हुआ था तथा उसके स्थानांतरण की मांग कर रहे थे। मंगलवार को प्रदेश की सरकार ने चंद्र मोहन का स्थानांतरण कर दिया है।
गौरतलब है कि गत एक अप्रैल से जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के विरूद्ध मोर्चा खोला हुआ था। उस दिन बार के सदस्यों ने महावीर चौक पर एसपी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए, उनका पुतला फूंका था। उसके बाद 7 अप्रैल को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने आए हरियाणा सरकार के मंत्री जय प्रकाश दलाल को पुलिस अधीक्षक के स्थानांतरण के लिए एक ज्ञापन सौंपा था तथा नारेबाजी की थी। 12 अप्रैल को हरियाणा सरकार में राज्यमंत्री ओम प्रकाश यादव के आमंत्रण पर बार एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल ने उनसे लोक निर्माण विश्राम गृह में मुलाकात की थी। दोनों मंत्रियों ने बार एसोसिएशन के सदस्यों को आश्वासन दिया था।