फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गीता में हर समस्या का समाधान ः उपायुक्त

विज्ञापन
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात्राएं। संवाद - फोटो : Narnol
विज्ञापन
लघु सचिवालय के पास स्थित सभागार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इस मौके पर उपायुक्त अजय कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि गीता एक ऐसा ग्रंथ है जिसमें जीवन की हर समस्या का समाधान है। गीता एक जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि गीता में निहित निष्काम कर्म के संदेश से प्रेरित होकर हमें कर्म करना चाहिए। इसमें आध्यात्मिकता का सार है। आजकल आपाधापी के इस दौर में हर नागरिक के जीवन में तनाव है। इस तनाव को दूर करने का रहस्य गीता में छिपा हुआ है।
उन्होंने कहा कि इसको भव्य रूप देने के लिए विद्यार्थियों की पेंटिंग आदि प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं। इस कार्यक्रम में प्रदर्शनी, सेमिनार, हवन, दीपदान, शोभायात्रा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समावेश किया गया है। आज के सेमिनार में प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय की तरफ से बहन अंजू दीदी व श्रीकृष्ण सेवा समिति से शिव हरि यादव ने व्याख्यान दिए। दूसरे दिन भी बच्चों ने सभागार भवन में लगाए गए मिकी माउस झूले का दिनभर आनंद उठाया। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, नगराधीश अमित कुमार, व्यापार मंडल से बजरंग अग्रवाल के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।
विज्ञापन

यो बसे स्वर्ग मेरे हरियाणा में.. पर खूब बजीं तालियां
छत्ता बावड़ी नारनौल की जाने से दुनिया सारी। झज्जर, दादरी, पाली, रेवाड़ी में धामों की महिमा न्यारी। चामुंडा देवी सब संग चालें, साथ चलें ज्यूं महतारी, चव्यन ऋषि की धरती ढोसी, भगत जुड़ें जिसमें भारी। सारे दुख कट ज्यां उड़े, जाणे दुनिया सारी। ... यो बसे स्वर्ग मेरे हरियाणा में। हरियाणा कला परिषद की ओर से मनमोहन सोनी एवं उनकी टीम हरियाणा के सभी जिलों की विशेषताओं से संबंधित रागिनी ‘यो बसे स्वर्ग मेरे हरियाणा में’ गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। नारनौल की धरती का बखान किया तो सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके अलावा राजकीय पीजी कॉलेज, राजकीय महिला कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।
कैंप में 75 लोगों की स्वास्थ्य जांच व 30 लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया
तीन दिवसीय गीता महोत्सव के दूसरे दिन आज स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के आयुष्मान कार्ड बनाने, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से संबंधित प्रदर्शनी, कोरोना के टीकाकरण, मधुमेह, उच्च रक्तचाप व वजन स्वास्थ्य जांच शिविर का अवलोकन किया व आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के दौरान 75 लोगों ने स्वास्थ्य जांच व 30 लोगों ने कोविड टीकाकरण करवाया। नोडल अधिकारी एनटीसीपी डॉ. दिनेश ने तंबाकू व तंबाकू से बने पदार्थ का सेवन ना करने का आग्रह किया।
आज होगा विधिवत समापन
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 के जिला स्तरीय समारोह के तहत अंतिम दिन 14 दिसंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पारितोषिक वितरण कार्यक्रम भी होगा।
अंतिम दिन लगभग 2 बजे चामुंडा देवी मंदिर से नगर शोभा यात्रा की शुरुआत होगी जो लगभग 3 बजे सभागार भवन में पहुंचेगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कला परिषद सहित विभिन्न स्कूल व कॉलेज के छात्र अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के अंत में पारितोषिक वितरण के बाद गीता आरती के साथ दीपदान कार्यक्रम होगा।

सेमिनार का अवलोकन करते उपायुक्त अजय कुमार। संवाद- फोटो : Narnol

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें