नगरपालिका और प्रशासन की खोखे व दुकानों तोड़ने की कार्रवाई के विरोध में सोमवार से दुकानदारों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। दुकानदारों की मांग है कि प्रशासन व नगरपालिका उनकी रोजी-रोटी चलाने के लिए शीघ्र व्यवस्था कराए तथा उनके हुए नुकसान की भरपाई करे। वहीं नगरपालिका की ओर से तोड़ी गई दुकानों एवं खोखों के स्थान को समतल कर रोड़े डलवाए जा चुके हैं। नपा द्वारा शीघ्र ही इस स्थान पर इंटरलॉकिंग टाइलें लगवाई जाएंगी। दुकानदारों के समर्थन में सोमवार को सरताज जन सेवा ग्रुप के पीआरओ कुलदीप यादव, विनोद तंवर पाली, समाजसेवी रमेश सैनी सहित अनेक समाजसेवियों व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया। इस दौरान दुकानदारों व लोगों ने भारत माता की जय, तानाशाही नहीं चलेगी, प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए।
30 सालों से दे रहे थे किराया, नहीं दिया तीन घंटे का समय
रेलवे रोड पर तहबाजारी के तहत दुकानदार पिछले करीब 30 वर्षों से नपा, जन स्वास्थ्य विभाग व बिजली विभाग सभी को शुल्क अदा करते आ रहे थे। लेकिन वीरवार को नपा ने सामान निकालने के लिए महज 20 मिनट का समय दिया। ऐसे में दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान बर्बाद हो गया। - जितेंद्र प्रधान
एसडीएम कोर्ट में थी 31 मार्च को सुनवाई
दुकानदारों का यह मामला एसडीएम एवं सिविल कोर्ट में विचाराधीन चल रहा था। एसडीएम कोर्ट में 31 मार्च को सुनवाई नहीं होने के कारण 13 अप्रैल की तारीख तय की गई थी। लेकिन नगरपालिका व पुलिस तथा प्रशासन ने नियमों को ताक पर रखकर दुकानें तोड़ दी। -दुकानदार सुरेंद्र
100 परिवारों की रोजी-रोटी छीन कैसे होगा शहर का सुंदरीकरण
शहर के सुंदरीकरण के नाम पर नपा द्वारा दुकानदारों के करीब 100 परिवारों की रोजी-रोटी छीन ली है। इन परिवारों की रोजी-रोटी छीनकर नपा शहर का सुंदरीकरण करना चाहती है। किसी की रोजी-रोटी छीनकर शहर का सुंदरीकरण नहीं होता। दुकानदार राजकुमार
नुकसान की हो भरपाई
प्रशासन द्वारा बिना किसी पूर्व नोटिस दिए की गई यह कार्यवाई निंदनीय है। सरकार व प्रशासन दुकानदारों को हुए नुकसान की शीघ्र भरपाई करे। वर्षों से दुकानदार विभिन्न प्रकार के शुल्क अदा कर रहे थे। दुकानें एवं खोखे तोड़ने से पहले महज सामान खाली करने के लिए 20 मिनट का समय दिया गया। इतने समय में सामान नहीं बचा पाए जिससे बहुत अधिक नुकसान हो गया। सुंदर सैनी
दुकानदारों को पुन: स्थापित करे प्रशासन व नपा
नगरपालिका व प्रशासन इन दुकानदारों को राहत देते हुए शीघ्र ही आसपास स्थान देकर स्थापित करे। प्रशासन की इस कार्रवाई से 29 दुकानदारों के करीब 100 परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन शीघ्र मदद करे। ओमप्रकाश प्रधान
न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
प्रशासन द्वारा अभी तक उनकी कोई सुध नहीं ली गई है। सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। दुकानदारों का यह संघर्ष न्याय मिलने तक जारी रहेेगा। सामाजिक, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग लगातार उनका समर्थन कर रहे हैं। जगराम
रेलवे रोड पर नारेबाजी करते दुकानदार। संवाद- फोटो : Narnol