बस स्टैंड की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस विभाग ने दुर्गा शक्ति टीम को तैनात कर दिया है। यहां पर टीम 24 घंटे तैनात रहेगी। इसके लिए रोडवेज विभाग ने दो कमरे पुलिस विभाग को उपलब्ध कराया है।
बता दें कि पहले बस स्टैंड पर दो-तीन पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगती थी। जिससे की बस स्टैंड पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। पुलिसकर्मी दिन में तैनात रहते थे, लेकिन अब पुलिस विभाग बस स्टैंड पर स्थायी रुप से पुलिस कर्मचारियों का तैनात करने जा रहा है। इसके लिए दो कमरे रोडवेज ने पुलिस विभाग को उपलब्ध करा दिया है। इसके साथ ही पुलिस टीम बस स्टैंड पर रोजाना बैठने लगी है। कमरे तैयार होने के बाद पुलिस यहां पर शिफ्ट वाइज 24 घंटे तैनात होगी। ऐसे में बस स्टैंड की सुरक्षा बढे़गी और स्नेचिंग व चोरी के मामलों को रोका जा सकेगा। टीम की प्रभारी एसची बिमला चार महिला कर्मचारियों समेत नौ की तैनाती रहेगी है।
पार्किंग पीछे बनेगी
बस स्टैंड कैंपस में वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग का इंतजाम था। कुछ माह पहले पार्किंग को बंद कर दिया गया था। अब वाहनों की पार्किंग के लिए बस स्टैंड के पीछे बनी जगह को साफ-सुथरा बनाया जा रहा है। इसके लिए अलग से मेन रोड से गेट बनाया गया है। रोडवेज के अनुसार इससे बस स्टैंड में वाहन चालकों से परेशानी नहीं होगी। इसके साथ ही बस स्टैंड कैंपस में खराब पड़े शौचालयों को भी बेहतर कर सफाई व्यवस्था में सुधार किया गया है।
प्रशासन से बस स्टैंड कैंपस में पुलिस चौकी खोलने की मांग की गई थी। जिस पर पुलिस प्रशासन ने पुलिस तैनात कर दिया है। पुलिस के लिए जगह उपलब्ध करा दी गई है। बस स्टैंड पर पहले मारपीट की वारदातें हो चुकी है। पुलिस होने से शरारती तत्वों पर नजर रहेगी। बस स्टैंड की साफ-सफाई को बेहतर किया गया है।
-नवीन शर्मा, जीएम रोडवेज
बस स्टैंड पर दुर्गा शक्ति टीम को तैनात कर दिया गया है। कमरे उपलब्ध होने पर पुलिस 24 घंटे शिफ्ट वाइज तैनात रहेगी। इससे बस स्टैंड के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।
-चंद्रमोहन, एसपी