तीन माह पूर्व गोली चलाकर 20 लाख की फिरौती मांगने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया। कनीना थाना पुलिस टीम ने वीरवार को फिरौती मांगने के मामले में दूसरे आरोपी मनीष निवासी मोहलड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से चार दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस गढ़ी महासर निवासी आरोपी मोनू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
बता दें कि गांव भोजावास के एक व्यापारी से आरोपी व इसके साथी ने मिलकर 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग करते हुए गोली चलाई थी। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी महेंद्रगढ़ और राजस्थान में लड़ाई झगड़े, मारपीट व अवैध हथियार रखने के मामला दर्ज हैं। आरोपी की पहचान मनीष वासी मोहलड़ा के रूप में हुई जो कनीना में ही ढाबे पर काम करता है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कनीना के भोजावास गांव के निवासी अमरीश ने कनीना थाना में दो नामजद के खिलाफ शिकायत देते हुए बताया कि वह रात को अपनी दुकान से घर चला गया था। घर पहुंचने के कुछ समय बाद बाइक पर दो लड़के घर के पास आए और गोली चलाकर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। कनीना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना में शामिल एक आरोपी को तीन माह पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया था।