नारनौल शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते एसडीएम मनोज कुमार।
- फोटो : Narnol
नारनौल। एसडीएम मनोज कुमार ने शनिवार को शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। शहर में सफाई व्यवस्था ठीक न होने पर एसडीएम नाराज दिखे। उन्होंने कार्यकारी अधिकारी से लेकर सफाई दरोगा तक सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एसडीएम मनोज कुमार ने शनिवार को सफाई को लेकर अचानक औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने सुबह साढ़े 11 बजे से ढाई बजे तक महेंद्रगढ़ रोड, रेवाड़ी रोड, सिंघाना रोड, बहरोड रोड, शहर की गली मोहल्लों तथा बाजारों का दौरा किया। इस दौरान उन्हें कई जगह पर कूड़े के ढेर दिखाई दिए इनको देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सभी प्रकार के संसाधन मुहैया कराने के बावजूद उस तरह की सफाई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। ऐसे में किसी भी अधिकारी व कर्मचारी की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएग्रा। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद मलेरिया व डेंगू का सीजन है। ऐसे में सभी मोहल्लों पर विशेष फोकस रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी सफाई कर्मचारियों का कूड़ा उठाने वाले वाहनों पर लगे कर्मचारियों का शेड्यूल इस तरह से बनाया जाए कि हर रोज कूड़े का उठान हो।
दुकानदार सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग न करें
शहर के नागरिक अपने घर के कूड़े को इधर-उधर न फेंके बल्कि नगर परिषद द्वारा रखे गए कूड़ेदान या उनके घर द्वार पर हर रोज कूड़ा उठाने के लिए आ रहे टेंपो में ही कूड़ा डालें। इसके अलावा दुकानदार भी सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें। यह आह्वान एसडीएम मनोज कुमार ने आज शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान किया। उन्होंने कहा कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत भी नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोग कूड़े को इधर-उधर न फेंके वह सफाईकर्मी के आने पर उसके ठेले या वाहन में ही कूड़ा डालें।
आज मैंने नारनौल शहर का दौरा कर सफाई का जायजा लिया। शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं थी। सोमवार को इस काम में जो भी अधिकारी एवं कर्मचारी आते हैं, उन सब को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। -मनोज कुमार, एसडीएम, नारनौल।