सतनाली रेलवे अंडरपास में भरे पानी से गुजरती कार।
- फोटो : Narnol
पिछले दिनों हो रही उमस के बीच दो दिन से रह-रहकर लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहाना बन गया है। क्षेत्र में बुधवार को बूंदाबांदी का दौर दिनभर जारी रहा वहीं वीरवार को दोपहर में तेज बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया। वहीं गलियों में कीचड़ जमा होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। कस्बे के रेलवे अंडरपास में भी बारिश का पानी जमा होने से दोपहिया और छोटे वाहनों को परेशानी हुई।
किसान रोहताश, विनोद, महावीर, उमेद, महेंद्र, गौतम, नागर, रामसिंह आदि ने बताया कि बारिश में देरी होने और गर्मी के कारण खेतों में फसल खराब होने लगी थी। उन्होंने बताया कि अब बारिश शुरू होने से फसल को काफी फायदा मिलेगा। वीरवार को दोपहर बाद घंटेभर तक तेज बारिश हुई। जिससे कस्बे के वार्ड 9 सहित अन्य निचले स्थानों में पानी भर गया। वहीं सीवरेज लाइन डालने के बाद बिना मिट्टी को दबाए रास्तों पर बिछाई गई टाइलें अनेक स्थानों पर धंस गई। कस्बे की अनेक गलियों में सीवरेज लाइन डालने के बाद उबड़-खाबड़ छोड़े रास्तों से स्थानीय निवासी पहले ही परेशान थे अब बारिश से जगह-जगह सड़क धंसने से आवागमन में दिक्कतें आ रही है। लोगों ने प्रशासन से रास्तों को सही कराने की मांग की है।