मंडी अटेली। ग्रामीण चौकीदार संगठन हरियाणा की खंड अटेली इकाई की बैठक कार्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता खंड प्रधान राजेंद्र चंद्रपुरा ने की, जबकि संचालन खंड सचिव सुनील कुमार मोहलड़ा ने किया। बैठक में चौकीदारों की विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा की गई। आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। नवनियुक्त खंड प्रधान राजेंद्र चंद्रपुरा, चेयरमैन मनोज तोबड़ा, उप प्रधान प्रदीप हसनपुर और सचिव सुनील कुमार मोहलड़ा को पूर्व खंड कमेटी द्वारा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान चौकीदारों ने सरकार से मांगों को पूरा कराने की शपथ ली। बैठक के बाद ग्रामीण चौकीदार नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के अटेली कार्यालय पहुंचे। मांगों का ज्ञापन सौंपा।
खंड प्रधान राजेंद्र चंद्रपुरा ने कहा कि सरकार चौकीदारों की जायज मांगों को अनदेखा कर रही है। उन्होंने बताया कि जनवरी का वेतन अभी तक नहीं मिला है। वेतन समय पर न मिलने की वजह से चौकीदारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी मांग उठाई कि हर महीने की 7 तारीख से पहले वेतन दिया जाए। देरी होने पर ब्याज मिले। इसके अलावा, पीएफ का केवाईसी जल्द पूरा कराने, मृत चौकीदारों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने, साइकिल भत्ता बढ़ाने और चौकीदारों को नियमित सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग भी की गई। इस अवसर पर जिला प्रधान मास्टर सुबेसिंह, चेयरमैन मनोज तोबड़ा, खंड सचिव सुनील कुमार, खंड उप प्रधान प्रदीप हसनपुर सहित बीरबल, दीपक, सुरेंद्र, मलखान सिंह, रामेश्वर, नरेंद्र, अमर सिंह, रोहतास, सत्यवीर, जसवंत सिंह और अशोक कुमार समेत सैकड़ों चौकीदारों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया।