कनीना। गांव बवाना निवासी गौरव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवि उर्फ लंगड़ा को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने छह दिन के रिमांड पर लिया है। वारदात में शामिल एवं मुखबिरी करने के आरोपी सतेंद्र उर्फ सत्य को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी सतेंद्र से मुखबिरी में प्रयोग किए जाने वाले मोबाइल को भी पुलिस द्वारा बरामद किया गया है। आरोपी ने मुख्य आरोपी को गौरव के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई थी कि गौरव शहर से माजरा चुंगी पहुंच चुका है तथा गांव की तरफ जा रहा है।
कनीना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गौरव हत्याकांड मामले के मुख्य आरोपी रवि उर्फ लंगड़ा को छह दिन के रिमांड व मुखबिरी करने वाले सतेंद्र उर्फ सत्य न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मुखबिरी में प्रयोग मोबाइल बरामद कर लिया है। मुख्य आरोपी रवि उर्फ लंगड़ा के खिलाफ कनीना थाने में पांच मुकदमे दर्ज हैं। छह नामजद आरोपियों में से विक्की उर्फ फुकरा, रवि उर्फ लंगड़ा व सतेंद्र उर्फ सत्य को गिरफ्तार किया जा चुका है।