नगर परिषद नारनौल के सभी वार्डों की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन हो चुका है। कोई भी नागरिक 28 फरवरी तक प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए स्थानों पर अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।
उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग हरियाणा द्वारा जारी अधिसूचना के निर्देशानुसार नगर परिषद नारनौल के सभी 31 वार्डों की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन हो चुका है। अब इस सूची के संबंध में अगर किसी नागरिक को आपत्ति है तो वह तहसील कार्यालय नारनौल में स्थापित मतदाता सूचना एवं संग्रह केंद्र तथा नगर परिषद कार्यालय में स्थापित सूचना एवं संग्रह केंद्र में जाकर अपना दावा पेश कर सकता है।
उन्होंने बताया कि आम जनता के लिए मतदाता सूचियों की प्रतियां लोगों के निरीक्षण के लिए उपायुक्त कार्यालय नारनौल, एसडीएम कार्यालय नारनौल, तहसीलदार कार्यालय नारनौल, नगर परिषद कार्यालय नारनौल व सभी स्थापित मतदाता सूचना एवं संग्रह केंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध रहेगी।