नारनौल। किला रोड से सीआईए मोड़ तक की सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने से परेशान आस-पास के लोगों ने सोमवार को सीआईए मोड़ पर लोहे के पाइप लगाकर मार्ग को अवरुद्ध कर जाम लगा दिया। जाम के कारण नागरिक अस्पताल, कॉलेज व नलापुर की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
जाम की सूचना पर करीब आधा घंटे बाद नागरिक अस्पताल चौकी से एसआई सुमन व शहर थाना से एसआई कृपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। जाम खुलने के बाद आवागमन सुचारु हो गया। इससे कुछ दिन पूर्व इसी समस्या को लेकर लोगों ने बहरोड़ चौक पर जाम लगाकर विरोध जताया था। किला रोड से सीआईए मोड़ तक दुकानदारों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए नगर परिषद द्वारा करीब सप्ताह भर पूर्व सड़क को जेसीबी मशीन द्वारा उखाड़ दिया गया है। इससे पानी के कनेक्शन भी टूट गए हैं।
इस कारण सप्लाई का पानी सड़क पर जमा होने लगा है। इससे सड़क पर कीचड़ बन गया। इस कारण उनकी दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। जबकि नगर परिषद अधिकारी लोगों को आज कल में निर्माण कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दे रहे हैं लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं कराया गया है। लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर नागरिक अस्पताल, महिला कॉलेज व कन्या विद्यालय स्कूल पड़ते हैं। इसलिए मरीजों व छात्राओं को उबड़-खाबड़ व कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। कीचड़ के कारण सड़क पर फिसलन भी हो गई है। इससे आए दिन वाहन चालक व राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं। इसके बाद भी प्रशासनिक अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे है। इस कारण मजबूरन लोगों को जाम लगाने के लिए बाध्य होना पड़ा है।
- हरियाणा मानव आयोग के आदेश के बाद भी शुरू नहीं हुआ निर्माण कार्य
महिला पुलिस थाना से किला रोड तक सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण होने के बाद भी सड़क का नवनिर्माण नहीं होने के कारण लोगों का भारी परेशानी हो रही है। उक्त सड़क के निर्माण के लिए विभिन्न सामाजिक संगठन व आमजन अनेक बार जिला प्रशासन व राज्यमंत्री से गुहार लगा चुके हैं लेकिन लोगों को आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा है। लोगों की इस समस्या पर हरियाणा मानव आयोग के अध्यक्ष न्यायामूर्ति एसके मित्तल ने स्वयं संज्ञान लेते हुए अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें एक सप्ताह में कार्य की रिपोर्ट सौंपने की बात कही थी। बैठक के अगले दिन ही प्रशासन ने सड़क को चलने योग्य बनाने के लिए उस पर रोड़े बिछाकर रोलर से समतल करवाना शुरू कर दिया था। वहीं किला रोड से नागरिक अस्पताल तक की सड़क का निर्माण करने के लिए किला रोड से सीआईए रोड तक की सड़क को उखाड़ दिया था। मगर सड़क को उखाड़ने के बाद प्रशासन इसे बनाना भूल गया। ऐसे में उखाड़ी गई सड़क स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
- लीकेज पानी को बंद करने तथा निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की रखी मांग
जाम लगा रहे लोगों ने जाम खुलवाने पहुंचे पुलिस अधिकारियों के समक्ष लीकेज पानी को बंद करवाने तथा जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग रखी, क्योंकि टूटे पानी कनेक्शन से पानी लीकेज होने से सड़क पर काफी पानी एकत्रित हो गया है। इससे पूरे मार्ग पर कीचड़ बन गया है। इस कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है तो कीचड़ में फिसलने से राहगीर गिरकर घायल हो रहे है। इसलिए सबसे पहले लीकेज को बंद करवाने की मांग रखी। जिस पर पुलिस अधिकारियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर पानी लीकेज की समस्या का तुरंत प्रभाव से समाधान करवाने की बात कही। वहीं सड़क निर्माण के लिए भी अधिकारियों बात कर समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
- आखिर कब होगा सड़क का निर्माण कार्य शुरू
महिला पुलिस थाना से किला रोड तक की सड़क का निर्माण कार्य आखिर कब तक शुरू होगा। यह सवाल प्रत्येक शहरवासी के जहन में चल रहा है, क्योंकि उक्त मार्ग पर सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य चलते हुए तीन माह से अधिक का समय हो चुका है जबकि सीवरेज लाइन बिछाने के लिए पूरी सड़क को उखाड़ दिया गया है। इससे सड़क की हालत काफी दयनीय बनी हुई है। सड़क से दुपहिया वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है।
- सड़क मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग करते हैं आवागमन
सड़क मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं। उक्त सड़क पर महिला थाना, शहर थाना, लोहा मंडी, अनाज मंडी, नागरिक अस्पताल, टीबी अस्पताल, महिला महाविद्यालय, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अलावा बहरोड जाने वाले वाहन चालक भी यहीं से होकर गुजरते हैं, मगर सड़क की खस्ताहाल होने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर अस्पताल में आने वाले मरीजों व स्कूल व कॉलेज में आने वाली छात्राओं को अधिक परेशानी हो रही है।
- वर्जन
किला रोड से नागरिक अस्पताल तक की सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। शुरूआत में किला रोड से सीआईए मोड तक की सड़क बनवाई जा रही है। सीआईए से आगे बनने वाली सड़क लेवलिंग की वजह से कार्य रूक गया था। अब लेवलिंग का कार्य पूरा हो गया है। मंगलवार से कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।---अंकित वशिष्ठ, एक्सईएन नगर परिषद नारनौल।
टूटे सड़क को लेकर सीआइए रोड के पास जमा लगाते आसपास के लोग।- फोटो : Narnol
किला रोड के पास टूटी सड़क पर जमा कीचड़।- फोटो : Narnol