कनीना। कनीना में अब 6.75 करोड़ रुपये से अत्याधुनिक 6-बे बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके निर्माण कार्य के लिए ई-टेंडर जारी कर दिए हैं। करीब 52 वर्षों से चली आ रही क्षेत्रवासियों की इस बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने की उम्मीद है। सरकार ने परियोजना को पूरा करने के लिए 455 दिनों की समय सीमा तय की है।
कनीना के पुराने बस स्टैंड की नींव 22 दिसंबर 1974 को रखी गई थी और 4 जून 1983 को इसका उद्घाटन हुआ था। करीब पांच दशक पुराने इस बस स्टैंड पर अब यात्रियों की बढ़ती संख्या और क्षेत्र के विकास के कारण दबाव बढ़ गया था। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नए बस स्टैंड की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस समस्या को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने रखा था जिसके बाद नए बस स्टैंड की योजना को मंजूरी मिली। नया बस अड्डा बनने से दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़, रेवाड़ी, नारनौल, चरखी दादरी, झज्जर और कोसली जैसे प्रमुख मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें बड़ा प्रतीक्षालय, कंप्यूटरीकृत टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था, महिला और पुरुषों के लिए अलग शौचालय, दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं और बसों की पार्किंग की व्यवस्था होगी।
विभाग ने निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की हैं। निविदाएं 20 अगस्त शाम पांच बजे तक जमा की जा सकेंगी और 21 अगस्त को तकनीकी प्रक्रिया के तहत खोली जाएंगी।
नया बस स्टैंड बनने से केवल यात्रियों को सुविधा नहीं मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।