पुलिस की साइबर सेल की मदद से अटेली में ऑनलाइन फ्रॉड के शिकार हुए एक पीड़ित को उसकी रकम वापस मिल गई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके खाते से पेटीएम के माध्यम से पैसे निकाल लिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल को ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर सहायता करने के लिए निर्देश दिए थे। जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और पीड़ित के पैसे वापस आ गए।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि पीड़ित ने शिकायत दी थी कि उसके पास अज्ञात नंबर से फोन आया और उसके जान पहचान वाला बताकर पैसे भेजनेे की बात कहकर पीड़ित को झांसे में फंसा लिया और पेटीएम के माध्यम से उसके अकाउंट से पैसे निकाल लिये। पीड़ित ने बताया कि जालसाज ने उसको झांसे में लेकर डेबिट कार्ड की डिटेल पूछकर और लिंक भेजकर पेटीएम के माध्यम से अकाउंट से पैसे निकाल लिये। एसपी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अटेली थाने में मामला दर्ज किया गया था। साइबर सेल टीम ने संबंधित कंपनियों से संपर्क करके पीड़ित के करीब 2.5 लाख रुपये वापस करा दिए हैं। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने कहा कि ऑनलाइन फ्रॉड होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि पुलिस तत्परता से कार्रवाई करते हुए आपके पैसे वापस करवा सके।