शादी समारोह में शामिल होकर शुक्रवार रात को मोटरसाइकिल से अपने घर मोहल्ला गुरुनानकपुरा में आ रहे दो युवक डंपर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक युवक की गंभीर हालत के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला गुरुनानकपुरा निवासी प्रविंद्र व आशीष बाइक से रात को शादी समारोह में शामिल होकर निजामपुर रोड से अपने घर आ रहे थे। इस दौरान तेज गति से आ रहे एक डंपर की चपेट में आ गए। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल नारनौल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि आशीष की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। शनिवार को पुलिस ने परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।