बार एसोसिएशन महेंद्रगढ़ के प्रधान व अन्य पदों के लिए होने वाले चुनाव की नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें प्रधान पद के लिए चार उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए। वहीं उप प्रधान व सचिव पद के लिए दो-दो तथा खजांची व सह सचिव पद के लिए एक-एक नामांकन सही पाए गए।
चुनाव अधिकारी सतीश कुमार एडवोकेट ने बताया कि बार का चुनाव 17 दिसंबर को प्रस्तावित है। मंगलवार को नामांकन करने का अंतिम दिन था। नामांकन के बाद छंटनी भी की गई। अब प्रधान पद के लिए अधिवक्ता अशोक कुमार, बंशीलाल, राजेंद्र सिंह व एसएस चौधरी मैदान में बचे हैं। वहीं उप प्रधान पद के लिए आलोक खैरवाल व बबलू तथा सचिव पद के लिए अंजय कुमार व सुबोध कुमार शर्मा के नामांकन सही पाए गए हैं। जबकि खजांची के लिए सतीश कुमार व सह सचिव के लिए विनय कुमार एडवोकेट ने ही नामांकन किया है।
अब नौ दिसंबर को तीन बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। इस प्रक्रिया के बाद जिस पद पर केवल एक उम्मीदवार होगा उसे निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। जबकि अन्य बचे सभी पदों पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को अंतिम सूची लगा दी जाएगी। 17 दिसंबर को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।