जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने वीरवार रात्रि को सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रात में सड़क पर दौड़ने वाले वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की गहनता से जांच व पूछताछ की। पुलिस की 48 जांच टीमों ने 1151 वाहनों की जांच की। इसके अलावा 92 वाहनों के चालान किए गए और एक वाहन को जब्त किया गया। पुलिस ने जिले में 35 स्थानों पर नाके लगाए गए और 13 अलग-अलग स्थानों पर पैदल गश्त लगाई। कुल 346 पुलिस कर्मी सहित सभी डीएसपी व थाना प्रबंधक अभियान में सक्रिय रहे।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन के आदेशानुसार अभियान चलाया। इसके तहत जिले 35 स्थानों पर नाके लगाए, 346 पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया। एसपी चंद्रमोहन के आदेशानुसार सभी दोपहिया व चौपहिया वाहनों को चेक किया गया। इन वाहनों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया गया। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा 1151 वाहनों को चेक किया गया। जिसमें मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 92 वाहनों के चालान किए गए और एक वाहन को इंपाउंड किया गया।
वहीं वाहनों की चेकिंग के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 5 मुकदमे दर्ज किए गए। जिनमें अवैध शराब की करीब 54 बोतलें बरामद की गई हैं व 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक उद्घोषित अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया। इस अभियान का मुख्य कारण यह है कि कई बार चेकिंग के दौरान वांछित अपराधी भी पुलिस की गिरफ्त में फंस जाते हैं।