कुएं से शव को निकालते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के नारनौल के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव मौसमपुर में सड़क किनारे स्थित खुले कुएं में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना वीरवार दोपहर करीब दो बजे की है। युवक बिहारीपुर का रहने वाला था। घटना की सूचना पाकर मौके पर नांगल चौधरी पुलिस, दमकल गाड़ी और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची।
इसके बाद बारिंग मशीन की सहायता से बड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव कुएं से बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल नारनौल पहुंचाया गया। बिहारीपुर का एक युवक दोपहर करीब दो बजे मौसमपुर गांव में पहुंचकर सड़क किनारे स्थित खुले कुएं में गिर गया। युवक की कुएं में गिरने की आवाज सुनकर लोगों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
बाद में पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास किया। इसके लिए बोरिंग मशीन मंगवाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि उसके भाई की मानसिक स्थित ठीक नहीं थी, जिसके वजह से कुएं में गिर गया।