हरियाणा के नारनौल में सीआईए पुलिस नारनौल ने मंढाना के पास देसी शराब से भरे दो कैंटर पकड़े हैं। जब उनकी जांच की तो उसमें 1900 शराब की पेटियां मिलीं। पुलिस ने ट्रक चालकों के खिलाफ सदर थाना नारनौल में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीआईए पुलिस को सूचना मिली कि नरेश उर्फ आशीष निवासी अठवास सीकर राजस्थान और बजरंग निवासी नंगला थाना सतनाली कैंटर में शराब भरकर अलवर राजस्थान से गांव मंढाना 148बी हाईवे पुल के नीचे से जाएगा। पुलिस ने 148बी हाईवे पर पुल के नजदीक गांव मंढाना की ओर नाकाबंदी की।
कुछ समय बाद एक ट्रक बहरोड की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकवाकर कैंटर चालक का नाम-पता पूछा। उसने अपना नाम नरेश उर्फ आशीष निवासी अठवा सीकर बताया। इसके बाद दूसरा गाड़ी भी आई, जिसे भी रुकवाया गया। उक्त दोनों गाड़ियों की जांच करने पर दोनों में देशी शराब मिली, इन दोनों कैंटर में 950-950 पेटी भरी हुई थी।
पुलिस ने आबकारी निरीक्षक मोतीराम को मौके पर बुलाया। चालक की ओर से आबकारी निरीक्षक के समक्ष पेश कागजात चेक करने पर पाया की गाड़ी के साथ जो कागजात है, उसके अनुसार गाड़ी का रूट राजस्थान से है, जबकि गाड़ी आउट रूट पर है।
इस प्रकार हरियाणा के मंढाना नारनौल से शराब ले जाना अवैध पाया गया। पुलिस ने दोनों गाड़ियों से कुल 1900 देसी शराब की पेटियां बरामद की। पुलिस ने दोनों कैंटर चालकों के खिलाफ सदर थाना नारनौल में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।