महेंद्रगढ़। नगरपालिका की ओर से वीरवार दोपहर 12 बजे की जाने वाली बैठक में शहर में 100 करोड़ रुपये के विकास कार्याें के साथ-साथ कुल 29 मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। सर्वसम्मति बनने पर विभिन्न परियोजनाओं पर मुहर लगने की उम्मीद है।
नगरपालिका की ओर से बुलाई गई हाउस बैठक में नपा द्वारा पहले से तय 24 एजेंडों के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पांच प्रस्तावों पर मंथन किया जाएगा।
गत 20 जनवरी को हुई बैठक के दौरान पार्षदों के बीच हाथापाई को ध्यान में रखते हुए इस बार बैठक की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। 15 वार्ड पार्षदों के साथ-साथ दो मनोनित पार्षदों को भी एजेंडों की कॉपी भेजी गई हैं। इस बार नपा प्रधान की अनुमति के बाद ही प्रस्ताव रखे जा सकेंगे।
इन एजेंडों पर किया जाएगा मंथन
इस बार नगरपालिका की ओर से शहर के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाली सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करना, सात करोड़ रुपये से शहर की स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था सुधार, करीब डेढ़ करोड़ से महाराजा शूरसैनी चौक से रिवास पुल तक सुंदरीकरण, पांच करोड़ रुपये का डोर-टू -डोर कूड़ा कलेक्शन, सफाई करने के लिए नाइट स्वीपिंग का टेंडर लगाने, हुड्डा पार्क को विकसित करने के लिए दो करोड़ के विकास कार्य, इंनडोर स्टेडियम, आधुनिक पुस्तकालय, चार करोड़ रुपये से बने सामुदायिक भवन को शुरू करने, चार मुख्य चौक-चौराहों पर मुख्य द्वार व सुंदरीकरण सहित करीब 100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा। साथ ही व्यापार मंडल की ओर से रखे गए 24 सुझावों, ऑटो मार्केट के दुकानदारों, रविदास सेवा समिति सहित अन्य सामाजिक संगठनों की ओर से दिए गए प्रस्तावों पर भी हाउस मिटिंग में मंथन कर सर्व सम्मति बनने पर मुहर लगाई जा सकती है।
-
वर्जन
इस बार नपा हाउस की बैठक में करीब 100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर मंथन किया जाएगा। साथ ही शहर की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा व्यापार मंडल की ओर से दिए प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा वर्ष 2026-27 में शहर के विकास को लेकर अनेक परियोजनाओं पर भी मंथन किया जाएगा। -रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका महेंद्रगढ़।