कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त आईएस देवयानी को सम्मानित करने के अवसर पर राज्यमंत्री ओमप्रकाश या?
- फोटो : Narnol
मामराज की ढाणी में नवनियुक्त आईएएस देवयानी यादव के सम्मान में कार्यक्रम किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव रहे।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि हमारे क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है अब इन्हें उचित मंच मिलने लगा है। उच्च पदों पर भी हमारे क्षेत्र के बच्चे बड़ी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आज हमारी बेटी देवयानी इसका उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त आईएएस देवयानी यादव को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। यादव ने कहा कि हमारे महेंद्रगढ़ जिले से हाल ही में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा घोषित परिणाम में 37 परीक्षार्थियों का सब इंस्पेक्टर के पद पर चयन हुआ है जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। पुलिस में सिपाही से बड़े पदों पर भाजपा शासन से पहले केवल मंत्रियों के घरों से ही चयन होता रहा है लेकिन भाजपा शासनकाल में बिना खर्चे और बिना पर्ची के चलते प्रतिभावान बच्चों को रोजगार में अवसर मिल रहा है। जिले के गांव मालड़ा में एक जोगी के बेटे को जो मजदूरी का कार्य करता था सब इंस्पेक्टर के पद पर चयन हुआ है। भाजपा शासनकाल में 7 साल में महेंद्रगढ़ जिले के युवाओं को जितना रोजगार मिला उतना रोजगार आजादी के बाद 70 सालों में भी महेंद्रगढ़ जिले के युवाओं को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पहले के शासन में नौकरियों को लेकर भाई भतीजावाद या अन्य अनैतिक तरीके का प्रयोग होता था लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के शासनकाल में प्रदेश में नौकरियां योग्यता के आधार पर मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हरियाणा के युवाओं को 75 प्रतिशत रोजगार में हिस्सेदारी दिलाने वाला ऐतिहासिक कानून भी पास कर दिया है जिसका नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। 15 जनवरी 2022 से यह कानून लागू हो जाएगा।