प्रशासन द्वारा रेलवे रोड पर तोड़ी गई दुकानों एवं खोखों के दुकानदारों ने डीसी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बनी दुकानों की पुन: स्थापना की मांग उठाई। ज्ञापन के माध्यम से दुकानदारों ने बताया कि महेंद्रगढ़ में रेलवे रोड पर व्यापार मंडल ने 29 दुकानें वर्ष 1982 से बनाई हुई थी। नगर पालिका की परमीशन से ही बनाई गई थी जिसका नगर पालिका नियमानुसार किराया वसूल करती रही है। दुकानों को हाल ही में महेंद्रगढ़ प्रशासन ने दुकानदारों व व्यापार मंडल को बिना अग्रिम नोटिस दिए तोड़ दी थी जिससे दुकानदारों में रोष है। उपरोक्त दुकानों को तोड़ने से महेंद्रगढ़ के आम जन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल के साथ-साथ आम जन को नुकसान हो रहा है।
उपायुक्त ने दुकानदारों की समस्याओं को सुनते हुए कहा कि कानूनी दायरे में रहकर दुकानदारों की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसडीएम से मुलाकात कर इस मामले में जांच की जाएगी। दुकानदारों की मांग थी कि व्यापार मंडल की रेलवे रोड पर बनी 29 दुकानों को पुन: स्थापित करवाया जाए और दुकानदारों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने गलत तरीके से दुकानें तोड़ने पर उचित कानूनी कार्यवाही की भी मांग उठाई। इस मौके पर नित्यानंद, राजकुमार, मनोज कुमार, करतार, दीपक, सरजीत, ओमप्रकाश, गोपेश मेहता, अजय कुमार, सुनील कुमार, सुंदरलाल सहित अनेक दुकानदार उपस्थित रहे।