प्रशासन और नगरपालिका ने वीरवार को रेलवे रोड पर दुकानों और खोखों को तोड़ दिया था। इसके विरोध में अब व्यापारियों ने कमर कस ली है। शुक्रवार को दिनभर व्यापारियों की बैठकों का दौर चला। इसके बाद शाम पांच बजे शहर की कमला भवन धर्मशाला में हलवाई यूनियन के प्रधान लक्ष्मीनारायण की अध्यक्षता में व्यापारियों ने बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सोमवार को संपूर्ण बाजार बंद रखा जाएगा। अब व्यापारी व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग सोमवार को रेलवे रोड पर बैठक कर आगामी निर्णय लेंगे।
बैठक के दौरान दुकानदारों का छलका दर्द
बैठक के दौरान नपा व पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में तोड़ी गई 29 दुकानों और खोखों के दुकानदारों ने प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की निंदा करते हुए लोगों से सहयोग की अपील की। बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जैसी तानाशाही प्रशासन महेंद्रगढ़ शहर में कर रहा है ऐसा देशभर में कहीं भी देखने को नहीं मिलेगा। बैठक के दौरान दुकानदारों और व्यापारियों ने निर्णय लिया कि अब प्रशासन की तानाशाही के विरोध में व्यापारी एकजुट होकर इसका विरोध करेंगे। बैठक के दौरान 29 दुकानदारों ने व्यापार मंडल एवं शहरवासियों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों से सहयोग की अपील की। इस दौरान व्यापारी एकता जिंदाबाद व भारत माता की जय के नारे लगाए गए।
वक्ताओं ने कहा प्रशासन सुविधा देने में नाकाम
वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय प्रशासन व्यापारियों एवं शहरवासियों को सुविधा देने में नाकाम रहा है। लेकिन इस प्रकार की बर्बता करने में देरी नहीं करता। शहर में शौचालय, सफाई व्यवस्था, टूटी सड़कें, पार्किंग का अभाव सहित अनेक परेशानियां व्यापारी व दुकानदारों के साथ-साथ आमजन झेल रहा है। सुविधाएं देने में प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित रहा है लेकिन इस प्रकार की कार्रवाई करने में देरी नहीं की। बैठक में विभिन्न यूनियनों से जुड़े व्यापारी एवं दुकानदार उपस्थित रहे।
बैठक में व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र बंटी, पूर्व नपा प्रधान बिजेंद्र यादव, प्रदीप मालड़ा, विनोद तंवर पाली, सुरेंद्र कौशिक, बार प्रधान बंशीलाल यादव, अरूण राव, अधिवक्ता समशेर कौशिक, जितेंद्र प्रधान, समाजसेवी रमेश सैनी, शीशपाल सैनी, राधेश्याम सैनी, नवीन राव, अशोक सैनी, योगेश भारद्वाज, रामजीवन मित्तल, जितेंद्र चौधरी, जुगल सैनी, भरत खुराना, सुरेश राजस्थानी, अजीत सैनी, आशीष, मनीष खुराना, मनीष राजपूत, लाल सिंह तंवर बसई सहित सैकड़ों की संख्या में व्यापारी व समाजसेवी उपस्थित रहे।