सतनाली। सतनाली क्षेत्र में लगातार नहरी नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों को भी पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। नहरी विभाग की ओर से 7.187 किलोमीटर लंबी माधोगढ़ ब्रांच के जीर्णोद्धार का काम शुरू कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार की ओर से इसके लिए 4.15 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति प्रदान करने के उपरांत विभाग की ओर से काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि इसका करीब 3.9 किलोमीटर का हिस्सा चरखी दादरी जिले की सीमा में भी है। जिम्मेदारों का दावा है कि आगामी तीन माह के दौरान यह काम पूरा कर नहर में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। नांवां के एमबी-3 से उठान सिंचाई परियोजना के तहत इस नहर में 95 क्यूसिक पानी की आपूर्ति की जा सकती है। नहर में पानी आने से दस से अधिक गांवों के 20 से अधिक जोहड़ों को भी नहरी पानी से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। जोहड़ों में नियमित रूप से पानी भरने से भूजल स्तर में सुधार की भी उम्मीद जगी है।
इन गांवों को मिलेगा नहरी पानी का लाभ
इस नहर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सतनाली खंड के गांव नांवां, डिगरोता, बारड़ा, डालनवास, सुरेहती जाखल, ढाणा, सतनाली बास सहित दस से अधिक गांवों की करीब 80 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही इन गांवों में बने कच्चे-पक्के जोहड़ों को भी नहरी पानी से जोड़ा जाएगा। वर्षों से सुखे पड़े इन ग्रामीण जोहड़ों में भी नहरी पानी पहुंचने से मवेशियों के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी पानी उपलब्ध हो पाएगा। वहीं लगातार गिरते भूजल स्तर में सुधार की भी काफी उम्मीद है।
प्रदेश सरकार की ओर से इस नहरी के जीर्णोद्धार के लिए 4.15 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया था। अब युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है जो आगामी तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा। 22 फीट चौड़ाई व 6.25 फीट चौड़ाई में बनाई जाएगी।
-संदीप कुमार, कनिष्ठ अभियंता नहर विभाग महेंद्रगढ़।