महेंद्रगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते भाजपा नेता एवं पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा
- फोटो : Narnol
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि उन्होंने कभी भी राजनीति में उसूलों से समझौता नहीं किया। लेकिन मौजूदा दौर में कुछ लोग इतने गिर गए हैं कि कैलाश पुजारी का उनके खिलाफ इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दूसरे के कंधों पर बंदूक रख राजनैतिक विरोधियों को निशाना बन रहे हैं।
मंगलवार को जयराम सदन में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने ये टिप्पणी व्यक्त की। बता दें कि कुछ दिन पहले ही एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें कैलाश पुजारी नामक एक व्यक्ति खुद को भाजपा कार्यकर्ता और प्रो. शर्मा का समर्थक बताते हुए उन पर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप लगाया था। दीपावली से पहले वायरल हुए इस वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी सरगर्मी रही। इसी संबंध में मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने पूर्व मंत्री प्रो. शर्मा से वीडियो में कैलाश पुजारी नामक व्यक्ति के आरोपों के संबंध में सवाल पूछे। जिसका जवाब देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि आरोप पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित एवं मनगढ़ंत हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ कर्म भूमि, जन्म भूमि दोनों ही हैं। राजनीति में उसूलों को प्राथमिकता दी है। उन्हाेंने कहा कि वर्ष 1977 में जब मैं केवल 22 साल का था, तब स्वर्गीय राव दलीप सिंह के मुकाबले चुनाव लड़ा था । वह चुनाव हार गया था लेकिन मतगणना केंद्र से बाहर उनके पैर छूकर निकला था। वर्ष 2019 में कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह के मुकाबले चुनाव लड़ा। उस समय मतगणना केंद्र पर मुझे दी गई चाय का कप पहले राव दान सिंह को दिया था। पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह मेरे अच्छे मित्र रहे हैं तथा राव नरबीर सिंह की पुत्री की शादी में वे फेरों तक वहीं थे। राव दानसिंह के पुत्र को उनकी बेटी ब्याही है तथा उन्होंने यहां से चुनाव जीता है। ये पूरी वसूलों की बात है। मगर बड़े दुर्भाग्य की बात है कि राजनीति में लोगों ने इतनी गिरावट पैदा कर दी कि वे कैलाश पुजारी को मेरे खिलाफ इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्हाेंने कहा कि पुजारी क्या कह रहा है तथा उनसे कौन यह करा रहा है। कैलाश की यात्रा से पहले उनके घर पर उनसे कौन मिला? बाघोत से चलकर सेहलंग में उसने ठहराव क्यों नहीं किया। महेंद्रगढ़ विधानसभा में वो क्यों घूम रहा है। यह सब क्षेत्र के लोग भलीभांति जानते हैं। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा एडवोकेट सहित भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद रहे।
खुड़ाना आईएमटी प्रोजेक्ट पर सीएम से की थी चर्चा
प्रो. शर्मा ने कहा कि बीती 23 अक्तूबर को माधोगढ़ किले पर आगमन के दौरान निर्माणाधीन आईएमटी खुड़ाना के कार्य में प्रगति लाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से आग्रह किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने संज्ञान लेते हुए तीन नवंबर को चंडीगढ़ में उद्योग विभाग के उच्चाधिकारियों की बैठक बुलाकर आईएमटी खुड़ाना के कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए। इसके लिए वह सीएम मनोहरलाल का आभार प्रकट करते हैं।
12 को परिवहन मंत्री करेंगे अनेक कार्यक्रमों में शिरकत
पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने बताया कि 12 नवंबर को परिवहन व खनन मंत्री मूलचंद शर्मा सुबह 11 बजे उनके विधानसभा क्षेत्र के कस्बे सतनाली में कम्यूनिटी सेंटर में वीर महाराणा प्रताप पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। इनके अलावा वे बाबा जयराम दास गोशाला खुड़ाना में 12 बजे गोपाष्टमी पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।