सतनाली मंडी। रेल प्रशासन द्वारा जोधपुर मंडल के डेगाना-फुलेरा रेलखंड पर मध्य दोहरीकरण कार्य किया जा रहा है इस कारण डेगाना-बोरावड़ स्टेशनों के मध्य नॉन इंटरलॉकिग कार्य किया जाएगा। इस कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस कार्य के चलते इस मार्ग पर दस रेल गाड़ियों को रद्द किया गया है जबकि चार गाड़ियां आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। इस रूट पर चलने वाली एक दर्जन गाड़ियों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
ये गाड़ियां रहेंगी प्रभावित:
इस दौरान 04823/24 जोधपुर-रेवाड़ी गाड़ी 19 से 29 अक्तूबर तक रद्द रहेगी। 04823 जोधपुर-रेवाड़ी जोधपुर से रात 1:35 बजे चलकर दोपहर 12:38 बजे सतनाली, 13:10 बजे महेंद्रगढ़ और दोपहर 14:45 बजे रेवाड़ी पहुंचती है वहीं, 04824 रेवाड़ी-जोधपुर रेवाड़ी से दोपहर 13:10 बजे चलकर 14:05 बजे महेंद्रगढ़, 14:36 बजे सतनाली और मध्यरात्रि पश्चात 3:15 बजे जोधपुर पहुंचती है। सतनाली रेल संघर्ष समिति प्रधान दिवान सिंह शेखावत ने बताया कि ब्लॉक को लेकर रद्द गाडिय़ों में दोपहर में सतनाली आने-जाने वाली जोधपुर-रेवाड़ी गाड़ी भी शामिल है जो 11 दिन 29 अक्तूबर तक रद्द रहेगी।