गांव रिवासा के शमशान घाट में अंतिम संस्कार को रुकवाती पुलिस
- फोटो : Narnol
महेंद्रगढ़। गांव रिवासा की एक महिला ने पति के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए डायल 112 पर फोन कर दिया। महिला का कहना था कि परिजनों ने उसे पति का मुंह नहीं दिखाया है और अंतिम संस्कार करने जा रहे हैं। इसलिए वह शव का पोस्टमार्टम कराना चाहती है।
महिला की सूचना पर पुलिस शमशान घाट पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। दरअसल गांव रिवासा निवासी अनिल की शुक्रवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार को परिजन शव को लेकर गांव रिवासा पहुंचे। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए शमशान घाट पहुंचे तो मृतक की पत्नी ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। महिला का कहना था कि इंस्पेक्टर साहब मैं अपने पति का पोस्टमार्टम कराना चाहती हूं...। सूचना पर पुलिस श्मशान घाट पहुंची और अंतिम संस्कार की क्रिया रुकवा दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया।