धरने पर बैठे डिप्लोमा इंजीनियर।
- फोटो : Narnol
नारनौल। एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन का धरना 23वें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता गजराज यादव ने की। एसोसिएशन द्वारा जले हुए ट्रांसफार्मर की पाई गई तेल व नट बोल्ट की कमी जेई/इंचार्ज के खाते से रिकवर करना, 50 प्रतिशत शॉर्टेज माफ करने व शो कॉज नोटिस एसाइड करवाने के लिए धरना दिया जा रहा है।
राज्य प्रधान अभिमन्यु धनखड़ ने बताया कि केंद्रीय परिषद ने पीसी मीणा आईएएस एमडी हिसार को नोटिस दिया है। जिसमें 13 अक्तूबर से दिल्ली जोन का धरना स्थल नारनौल सर्किल की बजाय हेटरी हाउस गुड़गांव शिफ्ट होगा। अगर समय रहते दोनों कार्यकारी अभियंता व अधीक्षक अभियंता इस मामले का समाधान नहीं करते हैं तो संगठन इसके विरोध में और कड़े कदम उठाएगा व व्यापक रूप से इस आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होगा।
राज्य प्रधान ने कहा कि धरने प्रदर्शन के कारण निगम को जो भी आर्थिक नुकसान होगा, आम जनता को अगर किसी तरह की असुविधा होगी या बिजली व्यवस्था में किसी तरह का अवरोध होगा तो इसके लिए दोनों कार्यकारी अभियंता, अधीक्षक अभियंता नारनौल और निगम मैनेजमेंट पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगा। धरने में प्रधान सत्यपाल, हिम्मत, शंकरलाल, वेदप्रकाश, हकीकत, जितेंद्र, वासुदेव, सुशील कुमार, पवन कुमार, राजेंद्र सोनी व अमीलाल मौजूद रहे।